16-Year-Old Girl Allegedly Gang-Raped : दिल्ली में 16 साल की छात्रा के साथ चलती स्लीपर बस में गैंगरेप का मामला सामने आया है। घटना 4 अगस्त की बताई जा रही है, जबकि दिल्ली पुलिस ने 31 अगस्त को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने मामले में बस के ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार किया है।

Written by Kajal Panchal • Published on : 31 August 2026
IBN24 NEWS NETWORK : पुलिस के मुताबिक, छात्रा ग्रेटर नोएडा के परी चौक से बस में सवार हुई थी। इसके बाद बस करीब 47 किलोमीटर तक चलती रही और छात्रा को कश्मीरी गेट के पास उतारा गया। आरोप है कि इसी दौरान ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और 11वीं कक्षा में पढ़ती है।
बारिश में परी चौक पर फंस गई थी छात्रा
दिल्ली पुलिस के अनुसार, छात्रा का अपने परिवार के साथ विवाद हुआ था। इसके बाद वह रात में बिना बताए घर से निकल गई थी। वह नोएडा में रहने वाले अपने कजिन के पास जाने के लिए निकली थी।

रात में भारी बारिश और अंधेरे के कारण वह रास्ते में परी चौक पर उतर गई। इसी दौरान एक खाली स्लीपर बस वहां से गुजर रही थी। बारिश में फंसी छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया।
बस चलने के बाद अश्लील हरकत का आरोप
पुलिस को दिए बयान में छात्रा ने आरोप लगाया कि बस चलने के कुछ समय बाद कंडक्टर ने उसके साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश की। पीड़िता के मुताबिक, विरोध करने के बावजूद दोनों आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस के अनुसार, देर रात दोनों आरोपियों ने छात्रा को कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास रिंग रोड पर उतार दिया और वहां से फरार हो गए। इसके बाद छात्रा ने कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क किया और घटना की जानकारी दी।
बस के शीशों पर लगे थे पर्दे

पुलिस के मुताबिक, जिस बस में घटना हुई वह स्लीपर बस थी और उसके शीशों पर पर्दे लगे हुए थे। जांच में पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि बस के अंदर लगे पर्दों और स्लीपर व्यवस्था का इस्तेमाल घटना को बाहर से छिपाने के लिए किया गया था या नहीं। बस का रजिस्ट्रेशन नंबर UP-83 बताया गया है और यह फिरोजाबाद में रजिस्टर्ड है।
2012 के निर्भया कांड की याद हुई ताजा

चलती बस में नाबालिग छात्रा के साथ कथित गैंगरेप की इस घटना ने 16 दिसंबर 2012 के निर्भया कांड की याद ताजा कर दी है। 2012 में दिल्ली में चलती बस में 23 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और गंभीर मारपीट की गई थी। इस मामले में छह आरोपी बनाए गए थे। एक आरोपी नाबालिग था, जबकि एक अन्य आरोपी की जेल में मौत हो गई थी। बाकी चार दोषियों को मौत की सजा सुनाई गई थी और 20 मार्च 2020 को तिहाड़ जेल में फांसी दी गई।

तिमारपुर की बस पार्किंग से दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जांच के दौरान बस और आरोपियों की तलाश शुरू की। दोनों आरोपियों को तिमारपुर स्थित एक बस पार्किंग से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी जब्त कर लिया है। बस की फोरेंसिक जांच की जा रही है, ताकि मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा सकें।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना वाले दिन बस में खराबी आ गई थी। इसके बाद आरोपी बस को मरम्मत के लिए नोएडा के सूरजपुर स्थित एक वर्कशॉप में ले गए थे। मरम्मत के बाद दोनों खाली बस को तिमारपुर की ओर लेकर जा रहे थे। इसी दौरान परी चौक पर छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया था।
Please also read this article :
Instagram: https://www.instagram.com/ib






















