PM Modi Haryana Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा दौरे के दौरान कुरुक्षेत्र जिले को लगभग 617 करोड़ रुपये की दो महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात दी। प्रधानमंत्री ने जींद से देश की पहली हाइड्रोजन फ्यूल-सेल ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के पहले सिख म्यूजियम का वर्चुअल शिलान्यास और 447 करोड़ रुपये की लागत से तैयार एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का वर्चुअल लोकार्पण किया।

Written by Kajal Panchal • Published on : 17 July 2026
IBN24 News Network : हालांकि एलिवेटेड रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन पहले ही शुरू हो चुका है, लेकिन इसका औपचारिक उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में सांसद नवीन जिंदल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
हरियाणा का पहला सिख म्यूजियम बनेगा कुरुक्षेत्र में
कुरुक्षेत्र के उमरी रोड स्थित दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे (NH-44) के पास लगभग 5 एकड़ भूमि पर हरियाणा का पहला आधुनिक सिख म्यूजियम बनाया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 170 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

संग्रहालय को आधुनिक डिजिटल तकनीक और इंटरएक्टिव डिस्प्ले के साथ विकसित किया जाएगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक और नई पीढ़ी सिख इतिहास को आधुनिक तरीके से समझ सकें।
गुरु नानक देव से गुरु गोबिंद सिंह तक का इतिहास होगा प्रदर्शित
संग्रहालय में प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी से लेकर दशम गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी तक सभी सिख गुरुओं के जीवन, शिक्षाओं, संघर्षों और उनकी वाणी को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।

यहां आगंतुकों के लिए इंटरएक्टिव गैलरी, ऑडियो-वीडियो शो और डिजिटल डिस्प्ले तैयार किए जाएंगे, जिससे सिख इतिहास को रोचक और प्रभावी ढंग से समझा जा सके।
15 मीटर ऊंचा घूमता खंडा होगा मुख्य आकर्षण
सिख म्यूजियम का डिजाइन इसकी सबसे बड़ी विशेषता होगा। भवन के ऊपर स्टील से बना विशाल पगड़ीनुमा स्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा। वहीं परिसर में 15 मीटर ऊंचा धातु का घूमता हुआ खंडा साहिब स्थापित किया जाएगा, जो इस संग्रहालय की पहचान बनेगा।
दो मंजिला यह भवन राष्ट्रीय राजमार्ग से भी आसानी से दिखाई देगा।
रिसर्च सेंटर, लाइब्रेरी और ऑडिटोरियम जैसी सुविधाएं
संग्रहालय परिसर में केवल प्रदर्शनी ही नहीं बल्कि शोध एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए भी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

परिसर में—
- सिख इतिहास पर रिसर्च सेंटर
- आधुनिक लाइब्रेरी
- प्रशासनिक कार्यालय
- ऑडिटोरियम
- ओपन एयर थिएटर
- म्यूजिकल फाउंटेन
- 75 कारों की स्टिल्ट पार्किंग
जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस परियोजना को पूरा होने में लगभग तीन वर्ष का समय लगेगा।
447 करोड़ के एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का लोकार्पण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 447 करोड़ रुपये की लागत से तैयार कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का भी वर्चुअल लोकार्पण किया।

इस परियोजना का शिलान्यास 22 अगस्त 2019 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया था। कई वर्षों के निर्माण कार्य के बाद अब यह परियोजना पूरी हो चुकी है।
प्रदेश का पहला एलिवेटेड रेलवे प्लेटफॉर्म
कुरुक्षेत्र का यह प्रोजेक्ट हरियाणा का दूसरा एलिवेटेड रेलवे ट्रैक है, जबकि इसके तहत प्रदेश का पहला एलिवेटेड रेलवे प्लेटफॉर्म बनाया गया है।
परियोजना की प्रमुख विशेषताएं
- एलिवेटेड ट्रैक की लंबाई – 5.84 किलोमीटर
- एलिवेटेड प्लेटफॉर्म – करीब 600 मीटर लंबा
- स्टेशन भवन और टिकट घर का कुछ निर्माण कार्य अभी शेष है।
पांच रेलवे फाटक खत्म, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के शुरू होने के बाद शहर के पांच प्रमुख रेलवे फाटक समाप्त कर दिए गए हैं।
इनमें शामिल हैं—
- झांसा रोड फाटक
- कच्चा घेर फाटक
- शास्त्री मार्केट फाटक
- एलएनजेपी अस्पताल के सामने स्थित फाटक
- थर्ड गेट रेलवे फाटक
इन फाटकों के हटने से शहर में लंबे समय से लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही आपातकालीन सेवाओं और दैनिक आवागमन में भी आसानी होगी।
पर्यटन और विकास को मिलेगा बढ़ावा
सिख म्यूजियम बनने के बाद कुरुक्षेत्र धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन का एक नया केंद्र बनकर उभरेगा। इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय रोजगार और व्यापार को भी लाभ मिलेगा।
वहीं एलिवेटेड रेलवे ट्रैक शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगा और रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम की समस्या से स्थायी राहत दिलाएगा।
Please also read this article :
Instagram: https://www.instagram.com/ib

















