Deen Dayal Lado Lakshmi Yojana : हरियाणा सरकार ने बुधवार को प्रदेश के लाखों लाभार्थियों को बड़ी आर्थिक राहत दी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत 50 लाख 48 हजार 73 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में DBT के जरिए कुल 1,595 करोड़ 50 लाख रुपये ट्रांसफर किए।

Written by Kajal Panchal • Published on : 10 August 2026
IBN24 NEWS NETWORK : लाभ वितरण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने प्रेस वार्ता कर सरकार की योजनाओं और लाभार्थियों को जारी की गई राशि की जानकारी दी। इस दौरान महिलाओं, पेंशनधारकों, किसानों और जरूरतमंद परिवारों से जुड़ी योजनाओं की राशि जारी की गई।
लाडो लक्ष्मी योजना की 10वीं किस्त जारी
मुख्यमंत्री ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 10वीं किस्त भी जारी की। इसके तहत 9 लाख 98 हजार लाभार्थी बहनों-बेटियों के बैंक खातों में 209 करोड़ 62 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए।

सरकार के अनुसार, योजना की 10 किस्तों के जरिए अब तक कुल 2,042 करोड़ 31 लाख रुपये की राशि लाभार्थियों को दी जा चुकी है।
34.93 लाख पेंशनधारकों को ₹1,124.94 करोड़
प्रदेश की 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 34 लाख 93 हजार 978 लाभार्थियों के खातों में 1,124 करोड़ 94 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि DBT के माध्यम से सीधे बैंक खातों में राशि पहुंचाना सरकार की पारदर्शिता और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
दयालु योजना में 6,224 परिवारों को ₹234.77 करोड़
दयालु योजना के तहत बुधवार को 6,224 परिवारों को 234 करोड़ 77 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।

सरकार के मुताबिक, अब तक इस योजना के तहत 83,536 परिवारों को कुल 3,152 करोड़ 48 लाख रुपये की सहायता जारी की जा चुकी है।
हर घर-हर गृह योजना की सब्सिडी जारी
हर घर-हर गृह योजना के तहत जून महीने की सब्सिडी भी लाभार्थियों के खातों में पहुंचाई गई। इस योजना के तहत 4 लाख 93 हजार 434 बहनों के खातों में 19 करोड़ 17 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए।
अब तक इस योजना के तहत कुल 340 करोड़ 14 लाख रुपये की सब्सिडी दी जा चुकी है।
13,237 किसानों को हरित खाद के लिए ₹7 करोड़
किसानों को हरित खाद अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 13,237 किसानों के खातों में करीब 7 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई।
सरकार के अनुसार, खरीफ 2026-27 में 70 हजार एकड़ क्षेत्र में ढेंचा और मूंग को हरित खाद के रूप में अपनाने के लिए यह प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।
खरीफ 2026 के दौरान 5,844 किसानों द्वारा 36,670 एकड़ में ढेंचा की खेती का सत्यापन किया गया है। वहीं, 7,393 किसानों द्वारा मूंग और अन्य हरित खाद फसलों की खेती का सत्यापन भी किया गया है।
एक नजर में कितनी राशि हुई ट्रांसफर ?
- कुल लाभार्थी: 50,48,073
- कुल DBT राशि: ₹1,595.50 करोड़
- लाडो लक्ष्मी योजना: ₹209.62 करोड़
- सामाजिक सुरक्षा पेंशन: ₹1,124.94 करोड़
- दयालु योजना: ₹234.77 करोड़
- हर घर-हर गृह योजना: ₹19.17 करोड़
- हरित खाद प्रोत्साहन: करीब ₹7 करोड़
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाना है। DBT के जरिए भुगतान से पारदर्शिता बढ़ाने और बिचौलियों की भूमिका कम करने में मदद मिल रही है।
Please also read this article :
Instagram: https://www.instagram.com/ib






















