Karnal MLA death threat : करनाल में BJP विधायक जगमोहन आनंद और उनके बेटे को जान से मारने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। विधायक के कैंप कार्यालय में डाक के जरिए एक धमकी भरा पत्र भेजा गया है। पत्र भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का एरिया कमांडर बलबीर सिंह बताया है। पत्र में विधायक और उनके बेटे को एक महीने के भीतर जान से मारने की धमकी दी गई है।

Written by Kajal Panchal • Published on : 28 August 2026
IBN24 NEWS NETWORK : धमकी मिलने के बाद विधायक ने पुलिस को शिकायत देकर अपने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। करनाल एसपी नरेंद्र बिजारणिया ने कहा है कि धमकी देने वाले आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
लेटर में AK-47 से गोली मारने की धमकी
विधायक के कैंप कार्यालय में पहुंचे धमकी भरे पत्र में आरोपी ने दावा किया है कि उसे विधायक को मारने की जिम्मेदारी मिली है। पत्र में AK-47 से गोली मारने और हर्ष की मौत का बदला लेने की धमकी दी गई है।

पत्र में विधायक और उनके परिवार को लेकर आपत्तिजनक भाषा का भी इस्तेमाल किया गया है। आरोपी ने यह भी लिखा है कि सुरक्षा बढ़ाने के बावजूद विधायक और उनके बेटे को एक महीने के भीतर मार दिया जाएगा। हालांकि, पत्र भेजने वाले का लॉरेंस गैंग से वास्तविक संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
बीरू वाल्मीकि हत्याकांड के बाद बढ़ा विवाद
यह धमकी ऐसे समय में मिली है, जब करनाल में बीरू वाल्मीकि हत्याकांड के बाद हर्ष और बीरबल के पुलिस एनकाउंटर को लेकर विवाद चल रहा है।

5 अगस्त की रात करनाल में बीरू वाल्मीकि की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। हत्या के अगले दिन बीरू के परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर बैठ गए थे। इसी दौरान BJP विधायक जगमोहन आनंद ने परिजनों को जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया था।
पुलिस एनकाउंटर में हर्ष और बीरबल की मौत
बीरू की हत्या के करीब 27-28 घंटे बाद घोघड़ीपुर/पश्चिमी यमुना नहर क्षेत्र के पास पुलिस और संदिग्धों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान हर्ष निवासी काला माजरा, नीलोखेड़ी और बीरबल निवासी मटरवा खेड़ी, कैथल की मौत हो गई।
पुलिस का दावा था कि दोनों बीरू हत्याकांड में गोली चलाने वाले शूटर थे। हालांकि, हर्ष के परिवार और रोड समाज ने पुलिस के एनकाउंटर की परिस्थितियों पर सवाल उठाए और इसे संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की।
एनकाउंटर की जांच को लेकर महापंचायत और प्रदर्शन
हर्ष की मौत के बाद 7 अगस्त को उसके गांव काला माजरा में पंचायत हुई। इसके बाद मामला लगातार सामाजिक और राजनीतिक मुद्दा बनता गया।

रोड समाज की ओर से एनकाउंटर की जांच, पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई, करनाल एसपी के तबादले और मामले की CBI अथवा न्यायिक जांच जैसी मांगें उठाई गईं। 13 अगस्त के बाद कुरुक्षेत्र में हुई महापंचायत में भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए गए। समाज की ओर से विधायक जगमोहन आनंद को लेकर भी सवाल उठे और एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
19 अगस्त को सरकार ने SIT जांच का फैसला लिया
विवाद के बीच 19 अगस्त को सरकार ने पुलिस एनकाउंटर की जांच के लिए बड़ा फैसला लिया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर ADGP लॉ एंड ऑर्डर IPS संजय कुमार के नेतृत्व में SIT गठित की गई।
मामले की जांच स्टेट क्राइम ब्रांच हरियाणा को सौंपी गई है। SIT ने जांच शुरू कर दी है और एनकाउंटर वाली जगह का भी जायजा लिया है। इसी घटनाक्रम के बीच अब विधायक जगमोहन आनंद और उनके बेटे को धमकी भरा पत्र मिलने से मामला और गंभीर हो गया है।
करनाल SP बोले- जल्द गिरफ्तार होगा आरोपी
करनाल एसपी नरेंद्र बिजारणिया ने बताया कि विधायक की ओर से धमकी भरे पत्र को लेकर शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और कई पुलिस टीमों को जांच में लगाया गया है।
एसपी ने कहा कि धमकी देने वाले आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस किसी भी स्थिति में शहर का माहौल खराब नहीं होने देगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भरा पत्र वास्तव में किसने भेजा और पत्र भेजने वाले का किसी आपराधिक गैंग से कोई संबंध है या नहीं।
Please also read this article :
Instagram: https://www.instagram.com/ib






















