CGST Officer Bribe Case : हरियाणा के पंचकूला में रिश्वत लेते गिरफ्तार हुए CGST सुपरिंटेंडेंट लवकुश कुमार के खिलाफ CBI ने बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी अधिकारी के घर पर छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी को करीब 1.86 करोड़ रुपये मूल्य की नकदी, विदेशी करेंसी, सोने-चांदी के आभूषण और सोने की ईंटें बरामद हुई हैं। इसके अलावा अधिकारी और उसके परिजनों के नाम पर कई संपत्तियों, बैंक खातों और निवेश से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं।

Written by Kajal Panchal • Published on : 21 November 2026
IBN24 NEWS NETWORK : CBI ने यह कार्रवाई 20 नवंबर को की थी। वहीं, शनिवार को एजेंसी ने प्रेस रिलीज जारी कर बरामदगी की आधिकारिक जानकारी साझा की। अब जांच एजेंसी आरोपी अधिकारी की संपत्तियों और आय के स्रोतों की पड़ताल कर रही है।
घर से क्या-क्या बरामद हुआ ?
CBI की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, छापेमारी के दौरान आरोपी के घर से बड़ी मात्रा में नकदी और कीमती सामान मिला। बरामद संपत्ति में भारतीय और विदेशी मुद्रा के साथ सोना-चांदी भी शामिल है।

जांच एजेंसी के अनुसार बरामदगी का विवरण इस प्रकार है:
- भारतीय मुद्रा: 24.29 लाख रुपये
- विदेशी करेंसी: करीब 15.65 लाख रुपये मूल्य की
- सोना-चांदी: करीब 1.46 करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण, सोने की ईंटें (Gold Bullion) और चांदी
इस तरह बरामद नकदी, विदेशी मुद्रा और सोने-चांदी की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.86 करोड़ रुपये बताई गई है।
10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार हुआ था अधिकारी
यह पूरा मामला एक निजी फर्म के खिलाफ चल रही GST कार्रवाई से जुड़ा है। CBI के मुताबिक, फर्म के एक पार्टनर ने CGST सुपरिंटेंडेंट लवकुश कुमार के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत दी थी।

शिकायतकर्ता का आरोप था कि अधिकारी ने GST कार्रवाई में राहत दिलाने, भारी जुर्माना नहीं लगाने और भविष्य में कोई डिमांड नोटिस जारी नहीं करने के बदले 50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
पहले 50 लाख मांगे, फिर 25 लाख पर हुआ सौदा
शिकायत मिलने के बाद CBI ने 19 नवंबर को मामला दर्ज किया और आरोपों का सत्यापन किया। इस दौरान सामने आया कि आरोपी अधिकारी ने शुरुआत में 50 लाख रुपये की मांग की थी। बाद में उसने रकम घटाकर 20 लाख रुपये कर दी।
हालांकि, सत्यापन के दौरान आरोपी ने फिर अपनी मांग बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दी। वह पहली किस्त के रूप में 10 लाख रुपये लेने के लिए तैयार हो गया था।
पंचकूला में CBI ने बिछाया जाल, रंगे हाथों पकड़ा
19 नवंबर को CBI की टीम ने पंचकूला में ट्रैप लगाया। शिकायतकर्ता ने जैसे ही आरोपी सुपरिंटेंडेंट को 10 लाख रुपये दिए, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
CBI ने रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली। इसके बाद आरोपी से पूछताछ की गई और मामले की जांच आगे बढ़ाई गई।
परिजनों के नाम पर संपत्तियों और बैंक खातों के दस्तावेज जब्त
20 नवंबर को आरोपी के घर पर की गई छापेमारी के दौरान CBI को केवल नकदी और सोना-चांदी ही नहीं मिला, बल्कि कई महत्वपूर्ण वित्तीय दस्तावेज भी हाथ लगे।
एजेंसी ने आरोपी और उसके परिजनों के नाम पर मौजूद 6 बैंक खातों, निवेश पोर्टफोलियो, जीवन बीमा पॉलिसियों और अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। इसके अलावा परिजनों के नाम पर रजिस्टर्ड वाहनों और वित्तीय लेनदेन का रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में है।
अब आय से अधिक संपत्ति और निवेश की जांच में जुटी CBI
फिलहाल CBI बरामद दस्तावेजों के आधार पर आरोपी अधिकारी और उसके परिवार की संपत्तियों की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी संपत्ति किन स्रोतों से जुटाई गई और इसके पीछे क्या वित्तीय लेनदेन हुआ है।

इस मामले में आगे की जांच के दौरान आरोपी की संपत्तियों, बैंक खातों और निवेश से जुड़े कई अन्य खुलासे होने की संभावना है।
Please also read this article :
Instagram: https://www.instagram.com/ib




















