Karnal Woman Arrested in Tiger Shroff Case : करनाल की शिव कॉलोनी से मुंबई क्राइम ब्रांच ने 22 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में की गई।

Written by Kajal Panchal • Published on : 3 November 2026
IBN24 NEWS NETWORK : मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने पानीपत क्राइम ब्रांच की मदद से महिला को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस टीम महिला को अपने साथ मुंबई ले गई।
मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम पहुंची करनाल

जानकारी के अनुसार, मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले से जुड़े मामले की जांच कर रही मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम 1 नवंबर को करनाल पहुंची थी। शाम करीब 4:50 बजे थाना रामनगर करनाल में टीम की आमद-रवानगी से संबंधित रपट दर्ज की गई। टीम एपीआई दिनेश के नेतृत्व में पहुंची थी।
शिव कॉलोनी में रहती है गिरफ्तार महिला
सूत्रों के अनुसार, मुंबई के जुहू थाने में दर्ज मुकदमे और डीसीबी सीआईडी क्राइम की जांच के सिलसिले में महिला की तलाश की जा रही थी। गिरफ्तार महिला की पहचान सुनेहा (22), पत्नी अभिषेक के रूप में हुई है। वह करनाल की शिव कॉलोनी में रहती है।

बताया जा रहा है कि 1 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे पानीपत क्राइम ब्रांच की मदद से मुंबई पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया। इसके बाद महिला पुलिसकर्मी ने उससे पूछताछ की। जांच के दौरान गिरफ्तारी जरूरी पाए जाने पर दोपहर करीब 3:30 बजे महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।
पिता को भी दी गई गिरफ्तारी की सूचना
पुलिस ने महिला को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 47 के तहत गिरफ्तारी के कारणों और आधार की लिखित जानकारी दी। वहीं, उसके पिता सुरेंद्र पासवान को धारा 48 के तहत लिखित नोटिस दिया गया। गिरफ्तारी के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम महिला को अपने साथ लेकर रवाना हो गई। इस कार्रवाई की सूचना थाना रामनगर के प्रबंधक अधिकारी को भी दी गई। फिलहाल, महिला की गिरफ्तारी को अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग से जुड़े मामले की जांच में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। मामले में आगे की पूछताछ मुंबई पुलिस द्वारा की जाएगी।
मामले की जांच में जुटी मुंबई पुलिस
अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े इस फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच अलग-अलग पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इसी जांच के दौरान पुलिस को करनाल की शिव कॉलोनी में रहने वाली 22 वर्षीय महिला की तलाश थी। इसके बाद मुंबई पुलिस ने पानीपत क्राइम ब्रांच के साथ मिलकर स्थानीय स्तर पर कार्रवाई की। महिला की गिरफ्तारी के बाद अब मुंबई पुलिस उससे मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित कनेक्शन को लेकर पूछताछ करेगी। हालांकि, महिला की इस मामले में कथित भूमिका को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
Please also read this article :
Instagram: https://www.instagram.com/ib






















