Asian Games 2026 : भारत ने कबड्डी में इतिहास रचते हुए एक ही दिन महिला और पुरुष दोनों वर्गों में गोल्ड मेडल जीत लिया। महिला टीम ने ईरान को 37-34 और पुरुष टीम ने 40-34 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके अलावा मैराथन और शूटिंग में सिल्वर, जबकि स्क्वॉश में भारत के दो खिलाड़ी फाइनल में पहुंचे। एशियन गेम्स 2026 के 7वें दिन भारत के लिए शानदार नतीजे देखने को मिले। कबड्डी में भारतीय महिला और पुरुष दोनों टीमों ने फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर गोल्ड मेडल जीता।

Written by Kajal Panchal • Published on : 26 September 2026
IBN24 NEWS NETWORK : इसके साथ ही पुरुष कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स में लगातार 10वीं बार मेडल जीतने का सिलसिला जारी रखा। वहीं महिला टीम ने लगातार पांचवें एशियाड में पदक अपने नाम किया। कबड्डी के अलावा एथलेटिक्स, शूटिंग, स्क्वॉश, हॉकी, बैडमिंटन और बॉक्सिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने अहम उपलब्धियां हासिल कीं। वहीं, भारत की मेडल टैली में अब 4 गोल्ड, 11 सिल्वर और 13 ब्रॉन्ज समेत कुल 28 पदक हो गए हैं।
पुरुष कबड्डी फाइनल: ईरान को 40-34 से हराया
पुरुष कबड्डी के फाइनल में भारत और ईरान के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मैच के पहले हाफ में ईरान ने भारतीय टीम पर दबाव बनाए रखा और हाफटाइम तक 18-17 की बढ़त हासिल कर ली। हालांकि, दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने शानदार वापसी की। भारत के डिफेंस ने महत्वपूर्ण मौकों पर अंक हासिल किए, जबकि रेडिंग में भी टीम ने लगातार स्कोर बढ़ाया।

सुमित ने डिफेंस में अहम टैकल किए, वहीं अर्जुन देशवाल ने रेडिंग में भारत के लिए महत्वपूर्ण अंक जुटाए। 21-21 की बराबरी के बाद भारतीय टीम ने धीरे-धीरे अपनी बढ़त मजबूत की। आखिरकार भारत ने ईरान को 40-34 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।
महिला कबड्डी टीम ने भी जीता गोल्ड
महिला कबड्डी टीम ने भी फाइनल में ईरान को 37-34 से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया। मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कई बार कड़ा संघर्ष देखने को मिला। ईरान ने वापसी की लगातार कोशिश की, लेकिन मैच के अंतिम चरण में भारतीय डिफेंस ने अपनी बढ़त बनाए रखी। आखिरकार भारत ने तीन अंकों के अंतर से मुकाबला जीत लिया।

इस जीत के साथ भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स में लगातार पांचवें संस्करण में मेडल जीतने का रिकॉर्ड भी कायम रखा।
स्क्वॉश में भारत के दो खिलाड़ी फाइनल में
स्क्वॉश में भी भारत के लिए बड़ी उपलब्धि रही। 18 साल की अनाहत सिंह ने जापान की वर्ल्ड नंबर-6 खिलाड़ी सातोमी वतनाबे को 3-2 से हराकर महिला सिंगल्स के फाइनल में जगह बनाई। अनाहत एक समय मुकाबले में 0-2 से पीछे थीं। इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी की। तीसरे गेम में भी उन्हें दो मैच पॉइंट बचाने पड़े, लेकिन उन्होंने दबाव में बेहतर प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
वहीं पुरुष सिंगल्स में अभय सिंह ने पाकिस्तान के मुहम्मद इरफान को 3-0 से हराया। अभय ने यह मुकाबला 11-3, 12-10, 11-6 से जीतकर फाइनल में जगह बनाई। इस तरह एशियन गेम्स में पहली बार भारत के दो खिलाड़ी सिंगल्स कैटेगरी के फाइनल में पहुंचे।
मैराथन में 44 साल बाद भारत को मेडल
एथलेटिक्स में सावन बरवाल ने पुरुष मैराथन में सिल्वर मेडल जीतकर भारत के लिए एक खास उपलब्धि हासिल की। उन्होंने 42 किलोमीटर की रेस 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड में पूरी की।

एशियन गेम्स की पुरुष मैराथन में भारत को 44 साल बाद मेडल मिला है। इससे पहले 1982 के दिल्ली एशियन गेम्स में भारत ने इस इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। मैराथन 42.195 किलोमीटर की लंबी दूरी की दौड़ होती है, जबकि हाफ मैराथन की दूरी 21.097 किलोमीटर होती है।
शूटिंग में भारतीय टीम ने जीता सिल्वर
शूटिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पदक हासिल किया। महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन टीम इवेंट में आशी चौकसे, तिलोत्तमा सेन और विदार्शा विनोद की भारतीय टीम ने सिल्वर मेडल जीता।
डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने मेजबान जापान को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।
भारत ने इससे पहले ग्रुप स्टेज में इंडोनेशिया को 13-1, श्रीलंका को 16-1 और दक्षिण कोरिया को 8-2 से हराया था। जापान के खिलाफ जीत के साथ भारतीय टीम ने लगातार चौथा मुकाबला अपने नाम किया। अब भारतीय टीम की नजर सेमीफाइनल में भी मजबूत प्रदर्शन के साथ फाइनल में जगह बनाने पर होगी।
बैडमिंटन में भी भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
बैडमिंटन में उन्नति हुड्डा ने इंडोनेशिया की वर्ल्ड नंबर-6 खिलाड़ी पुत्री कुसुमा वारदानी को 21-19, 21-13 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

महिला डबल्स में ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने जापान की वर्ल्ड नंबर-3 जोड़ी को हराकर अंतिम-8 में जगह बनाई। इस तरह बैडमिंटन में भी भारतीय खिलाड़ियों की पदक की उम्मीदें बनी हुई हैं।
बॉक्सिंग में दो भारतीय क्वार्टर फाइनल में
बॉक्सिंग में प्रिया घंघास ने दक्षिण कोरिया की ओह येओन-जी को 5-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। वहीं कपिल पोखरिय ने ईरान के सैम एस्ताकी को 5-0 से हराकर अंतिम-8 में प्रवेश किया। दोनों भारतीय मुक्केबाज अब अगले दौर में पदक की उम्मीद के साथ रिंग में उतरेंगे।
भारत की मेडल टैली में 28 पदक
एशियन गेम्स 2026 में भारत अब तक 4 गोल्ड, 11 सिल्वर और 13 ब्रॉन्ज समेत कुल 28 मेडल जीत चुका है। मेडल टैली में भारत 10वें स्थान पर है।
Please also read this article :
Instagram: https://www.instagram.com/ib
























