Karnal Harsh Encounter Case ADGP Probe : हरियाणा के करनाल में बीरु वाल्मीकि हत्याकांड के बाद हुई पुलिस मुठभेड़ में हर्ष और कैथल के बीरबल की मौत के मामले की अब वरिष्ठ स्तर पर जांच होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आश्वासन के बाद सरकार ने मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP) कानून एवं व्यवस्था संजय कुमार के नेतृत्व में कराने का फैसला लिया है।

Written by Kajal Panchal • Published on : 19 August 2026
IBN24 NEWS NETWORK : मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस विभाग की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। मामले की जांच के लिए जिला पुलिस करनाल से संबंधित पूरी फाइल और रिकॉर्ड हासिल कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब रोड समाज ने 24 अगस्त को करनाल में बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया था।
DGP के आदेश पर जुटाई जाएगी पूरी केस फाइल
हरियाणा के DGP अजय सिंघल की ओर से जारी आदेश की प्रति संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है। आदेश में IG क्राइम, हरियाणा को निर्देश दिए गए हैं कि वह एक अधिकारी या कर्मचारी नियुक्त करें, जो जिला पुलिस करनाल से मामले से जुड़ी पूरी फाइल और रिकॉर्ड हासिल करे।
वहीं, करनाल के SP को निर्देश दिया गया है कि वह केस से संबंधित सभी दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड स्टेट क्राइम ब्रांच द्वारा नियुक्त अधिकारी को सौंपें। इसके बाद इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर मामले की जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। आदेश की प्रतियां ADGP लॉ एंड ऑर्डर, IG क्राइम हरियाणा, IG करनाल रेंज, SP करनाल और OSD to DGP हरियाणा को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं।
13 अगस्त को CM से मिला था प्रतिनिधिमंडल
बीरु वाल्मीकि की हत्या के बाद करनाल में पुलिस कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में करनाल के हर्ष और कैथल के बीरबल की मौत हो गई थी। इस पुलिस कार्रवाई के बाद कई सवाल उठे थे। कुछ लोगों ने मुठभेड़ को कथित तौर पर फर्जी बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी।

इसी मांग को लेकर 13 अगस्त को रोड समाज का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिला था। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के सामने पूरे घटनाक्रम की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग रखी थी।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया था कि 15 अगस्त के बाद मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी। अब सरकार ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में जांच कराने का फैसला लेकर उस आश्वासन को आगे बढ़ाया है।
संजय कुमार के नेतृत्व में होगी जांच

सरकार ने ADGP कानून एवं व्यवस्था संजय कुमार को मामले की जांच की जिम्मेदारी दी है। अब मुठभेड़ से जुड़े घटनाक्रम की अलग-अलग पहलुओं से पड़ताल की जाएगी। जांच में पुलिस कार्रवाई किन परिस्थितियों में हुई, घटनाक्रम किस तरह आगे बढ़ा, मुठभेड़ से पहले और बाद में क्या हुआ तथा पुलिस के पास कार्रवाई के लिए क्या आधार थे, जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की जांच की जा सकती है। इसके अलावा मामले से जुड़े दस्तावेजों और उपलब्ध रिकॉर्ड का भी अध्ययन किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद ही मुठभेड़ को लेकर उठ रहे सवालों पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
24 अगस्त को प्रदर्शन का किया था ऐलान
हर्ष एनकाउंटर मामले को लेकर रोड समाज ने मंगलवार को रोड धर्मशाला में महापंचायत आयोजित की थी। महापंचायत में समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री के प्रति नाराजगी जताई और आगे की रणनीति तय करने के लिए एक कमेटी का गठन किया। कमेटी ने फैसला लिया था कि 24 अगस्त को पूरे हरियाणा से रोड समाज के लोग करनाल की रोड धर्मशाला में एकत्रित होंगे। इसके बाद धर्मशाला से जिला सचिवालय तक प्रदर्शन करने का ऐलान किया गया था।
Please also read this article :
Instagram: https://www.instagram.com/ib



















