Haryana Malaria Cases : हरियाणा में मौसम में बदलाव के साथ मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा है। प्रदेश में मलेरिया के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस साल अब तक मलेरिया के 170 मामले रिपोर्ट हो चुके हैं। वहीं, मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अभियान तेज कर दिया है और आमजन के लिए हेल्थ एडवाइजरी भी जारी की है।

Written by Kajal Panchal • Published on : 19 November 2026
IBN24 NEWS NETWORK : आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2021 में हरियाणा में मलेरिया के 54 मामले सामने आए थे। वर्ष 2022 में यह संख्या घटकर 52 रह गई। हालांकि, 2023 में मलेरिया के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई और इनकी संख्या 85 पहुंच गई। इसके बाद 2024 में मामले दोगुने होकर 170 हो गए, जबकि 2025 में प्रदेश में मलेरिया के 202 मामले रिपोर्ट किए गए। इस साल अब तक 170 मामले सामने आ चुके हैं।
मलेरिया की जांच के लिए करीब 26 लाख टेस्ट
स्वास्थ्य विभाग मलेरिया की पहचान और रोकथाम के लिए लगातार निगरानी कर रहा है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में मलेरिया की जांच के लिए अब तक करीब 26 लाख टेस्ट किए जा चुके हैं।

वहीं, 30 अक्टूबर 2026 तक विभाग की टीमों ने 4,365 डोर-टू-डोर विजिट के दौरान करीब 4.92 लाख घरों को कवर किया है। इस अभियान के तहत लोगों को मच्छरों से बचाव और घरों के आसपास साफ-सफाई रखने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
मलेरिया से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने मच्छरों से बचने और मलेरिया के खतरे को कम करने के लिए लोगों को कुछ जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

- कूलर, गमलों, टायरों और छतों पर जमा पानी को नियमित रूप से साफ करें, ताकि वहां मच्छर पैदा न हो सकें।
- मच्छर भगाने वाली क्रीम का इस्तेमाल करें और पूरी बाजू के कपड़े पहनें।
- घरों और आसपास पानी जमा न होने दें। पानी रखने वाले बर्तनों की नियमित सफाई करें।
- तेज बुखार, कंपकंपी या सिरदर्द होने पर तुरंत जांच करवाएं।
- डॉक्टर की सलाह के बिना मलेरिया की दवा न लें।
हेल्थ डीजी बोले- रोकथाम के लिए उठाए जा रहे जरूरी कदम
हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक डॉ. मनीष बंसल ने बताया कि मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए विभाग की ओर से जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। इसके साथ ही आमजन के लिए स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी की गई है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास साफ-सफाई रखें और मच्छरों को पनपने से रोकने के लिए विशेष सावधानी बरतें। साथ ही बुखार या मलेरिया से जुड़े लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच करवाएं और डॉक्टर की सलाह लें।
Please also read this article :
Instagram: https://www.instagram.com/ib




















