Kejriwal E20 Protest March Delhi : आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को E20 पेट्रोल नीति के विरोध में प्रधानमंत्री आवास तक मार्च निकाला। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, जैस्मिन शाह और अन्य AAP नेताओं को फिरोजशाह रोड पर ही रोक दिया। इसके बाद सभी नेता सड़क पर धरने पर बैठ गए।

Written by Kajal Panchal • Published on : 4 August 2026
IBN24 News Network : AAP का दावा है कि उसने देशभर से 2.30 लाख से अधिक लोगों की हस्ताक्षरित याचिकाएं एकत्र की हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री को सौंपने के लिए यह मार्च निकाला गया था।
पुलिस ने आगे बढ़ने से रोका, धरने पर बैठे AAP नेता
पार्टी के करीब 100 नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ निकले इस मार्च को सुरक्षा कारणों से पुलिस ने फिरोजशाह रोड पर रोक दिया। इसके बाद अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और अन्य नेता सड़क पर बैठ गए और E20 नीति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
केजरीवाल ने कहा कि 2 लाख से अधिक लोगों ने प्रधानमंत्री के नाम चिट्ठियां लिखी हैं, जिन्हें वह स्वयं सौंपना चाहते थे। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद सभी चिट्ठियां पुलिस अधिकारियों के माध्यम से प्रधानमंत्री कार्यालय भेज दी गईं।
उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने पहले प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर मुलाकात का समय मांगा था और अब भी उन्हें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर चर्चा के लिए समय देंगे।
E20 के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने की अपील
धरने के दौरान अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अमेरिका से एथनॉल खरीदने की नीति अपना रही है और इसका बोझ देश के वाहन चालकों पर डाला जा रहा है।

उन्होंने कहा कि E20 नीति को रोकने के लिए “NEET आंदोलन से भी बड़ा आंदोलन” खड़ा करना होगा। केजरीवाल ने लोगों से इस अभियान में जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि उनकी पार्टी इस मुद्दे पर संघर्ष जारी रखेगी।
AAP की प्रमुख मांगें
AAP ने सरकार के सामने कई मांगें रखीं, जिनमें शामिल हैं—
- प्रधानमंत्री कार्यालय का कोई अधिकारी ज्ञापन स्वीकार करे।
- पेट्रोल पंपों पर शुद्ध पेट्रोल और E20 पेट्रोल दोनों का विकल्प उपलब्ध कराया जाए।
- E20 पेट्रोल की कीमतों में कमी की जाए।
- सरकार इस नीति पर सार्वजनिक चर्चा करे और लोगों की चिंताओं का समाधान करे।
सौरभ भारद्वाज ने उठाए सवाल

दिल्ली AAP अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पार्टी केवल जनता की चिट्ठियां प्रधानमंत्री तक पहुंचाने आई थी। उन्होंने भारी पुलिस बल की तैनाती पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सुरक्षा कारण हैं तो प्रधानमंत्री कार्यालय का कोई अधिकारी मौके पर आकर ज्ञापन स्वीकार कर सकता है।
बीजेपी का पलटवार
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने केजरीवाल के प्रदर्शन को “अराजकता की राजनीति” बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना अनुमति प्रदर्शन करना और बाद में सरकार पर आरोप लगाना AAP की पुरानी राजनीतिक शैली रही है।
मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बिना अनुमति किसी भी प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जा सकती।
क्या है पूरा मामला ?
आम आदमी पार्टी पिछले कुछ समय से E20 पेट्रोल नीति का विरोध कर रही है। पार्टी का कहना है कि इस नीति का असर करोड़ों वाहन मालिकों पर पड़ेगा और सरकार को इसे लागू करने से पहले व्यापक जनचर्चा करनी चाहिए। इसी मांग को लेकर पार्टी ने देशभर से लोगों की याचिकाएं जुटाईं और उन्हें प्रधानमंत्री तक पहुंचाने के लिए मार्च निकाला।
दिल्ली में E20 पेट्रोल नीति को लेकर सियासत तेज हो गई है। एक ओर आम आदमी पार्टी इसे जनता से जुड़ा बड़ा मुद्दा बताते हुए आंदोलन तेज करने की बात कर रही है, वहीं बीजेपी इसे राजनीतिक प्रदर्शन करार दे रही है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि केंद्र सरकार इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया देती है या नहीं।
Please also read this article :
Instagram: https://www.instagram.com/ib


















