Haryana electricity workers strike : हरियाणा में बिजलीकर्मियों की हड़ताल का शुक्रवार को दूसरा दिन है। बिजली वितरण के निजीकरण के फैसले के विरोध में शुरू हुई इस हड़ताल का असर प्रदेश के कई जिलों में देखने को मिल रहा है।

Written by Kajal Panchal • Published on : 23 October 2026
IBN24 NEWS NETWORK : कई शहरों में 24 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से आम लोगों, दुकानदारों और कारोबारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली संकट के विरोध में कई जगह लोगों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया और जाम लगाया।
दुकानदारों का कारोबार प्रभावित, दूध-दही के ऑर्डर रद्द
बिजली आपूर्ति बाधित होने से छोटे दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हुआ है। गुरुग्राम में गुरुवार रात दुकानदारों को अपनी दुकानों में मोमबत्तियां जलाकर काम चलाना पड़ा। वहीं, पानीपत के सेक्टर-25 निवासी दुकानदार बिजेंद्र जैन के मुताबिक, बिजली नहीं आने के कारण उन्होंने आज और कल के दूध-दही के ऑर्डर कैंसिल कर दिए हैं।

उनका कहना है कि पिछले 24 घंटों में बिजली केवल एक-दो बार आई और वह भी कुछ मिनटों के लिए। बिजली नहीं होने से इलेक्ट्रिक कांटे समेत कई जरूरी उपकरण भी बंद पड़े हैं। इससे रोजमर्रा के कामकाज और व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है।
पानीपत थर्मल पावर प्लांट की 2 यूनिट बंद

बिजली संकट के बीच पानीपत थर्मल पावर प्लांट की दो यूनिट बंद होने की भी जानकारी सामने आई है। इस प्लांट से पानीपत, करनाल, रोहतक, सोनीपत, अंबाला, हिसार, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति होती है। ऐसे में यूनिट बंद होने से बिजली व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ने की आशंका है।
घरों में भी ठप हुए जरूरी काम
बिजली कटौती का असर केवल बाजारों तक सीमित नहीं है। घरों में पानी की व्यवस्था, खाना बनाने और अन्य दैनिक कामकाज में भी लोगों को परेशानी हो रही है। लंबे समय तक बिजली नहीं आने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है और कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
कई जिलों में जाम, विधायक के कार्यालय के बाहर धरना
बिजली संकट के विरोध में गुरुग्राम, हिसार, फरीदाबाद और कुरुक्षेत्र समेत कई जिलों में लोगों ने सड़क जाम कर अपना विरोध जताया। फरीदाबाद में प्रदर्शनकारी भाजपा विधायक मूलचंद शर्मा के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।
बिजलीकर्मियों की हड़ताल और बिजली आपूर्ति बाधित होने से प्रदेश के कई हिस्सों में हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। आम जनता को अब बिजली व्यवस्था सामान्य होने का इंतजार है।
Please also read this article :
Instagram: https://www.instagram.com/ib



















