Bank Strike September 2026 : बैंक कर्मचारियों की 5-डे वर्किंग वीक की मांग को लेकर एक बार फिर विवाद बढ़ गया है। बैंक यूनियनों ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है। यूनियनों की प्रमुख मांगों में बैंकों में सोमवार से शुक्रवार तक काम और हर शनिवार-रविवार छुट्टी शामिल है। हालांकि, इसी बीच वित्त मंत्रालय के सूत्रों ने साफ किया है कि सरकार ने बैंकों में 5-डे वर्किंग लागू करने का कोई वादा नहीं किया है।

Written by Kajal Panchal • Published on : 25 September 2026
IBN24 NEWS NETWORK : मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त मंत्रालय के एक सूत्र ने कहा कि 5-डे वर्किंग का मुद्दा सरकार और बैंक यूनियनों के बीच वेतन समझौते का हिस्सा नहीं था। सूत्र के अनुसार, सरकार की ओर से इस संबंध में न तो कोई समझौता हुआ और न ही कोई पक्का आश्वासन दिया गया।
वित्त मंत्रालय के सूत्रों ने क्या कहा ?
वित्त मंत्रालय के सूत्र के मुताबिक, बैंकों में पांच दिन काम और दो दिन छुट्टी की व्यवस्था लागू करने का सरकार ने कभी वादा नहीं किया। सूत्र ने कहा कि यह मुद्दा वेतन समझौते की बातचीत का हिस्सा ही नहीं था।

वहीं, बैंक कर्मचारी संगठनों का कहना है कि 5-डे वर्किंग को लेकर बैंक मैनेजमेंट के साथ सहमति बनी थी और अब सरकार की मंजूरी का इंतजार है। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के दावों में अंतर दिखाई दे रहा है।
बैंक यूनियनों का क्या है दावा ?
ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कन्फेडरेशन यानी AIBOC के जनरल सेक्रेटरी रूपम रॉय का दावा है कि मार्च 2024 में इंडियन बैंक्स एसोसिएशन यानी IBA और यूनियनों के बीच हुए द्विपक्षीय वेतन संशोधन समझौते के दौरान 5-डे वर्किंग को लेकर सहमति बनी थी।

यूनियनों के मुताबिक, हर शनिवार बैंक बंद रखने के बदले सोमवार से शुक्रवार तक कर्मचारियों के दैनिक काम के समय में करीब 40 मिनट की बढ़ोतरी का प्रस्ताव था। उनका कहना है कि IBA की ओर से इस व्यवस्था पर सहमति बनी थी, लेकिन प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी नहीं मिल सकी।
28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल
बैंक यूनियनों ने 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है। इसके कारण लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 26 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे। 27 सितंबर को रविवार की छुट्टी रहेगी। इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित हो सकता है।

हालांकि, ATM, UPI, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है। वहीं, चेक क्लियरेंस, कैश डिपॉजिट और बैंक शाखाओं से जुड़े कई काम प्रभावित हो सकते हैं।
90 फीसदी से ज्यादा बैंक कर्मचारियों के शामिल होने का दावा
बैंक यूनियनों का दावा है कि प्रस्तावित हड़ताल में देश की सात प्रमुख बैंक यूनियनें शामिल होंगी। इनमें AIBEA, AIBOC, NCBE, AIBOA, BEFI, INBEF और INBOC शामिल हैं।

यूनियनों के अनुसार, इन संगठनों से देश के करीब 90 फीसदी से ज्यादा बैंक कर्मचारी जुड़े हुए हैं। ऐसे में हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं में कामकाज पर व्यापक असर पड़ सकता है।
26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

बैंक कर्मचारियों ने 5-डे वर्किंग की मांग पर आगे भी आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। यूनियनों के मुताबिक, यदि सरकार उनकी मांग पर कोई स्पष्ट फैसला नहीं लेती है, तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपनाया जा सकता है।
Please also read this article :
Instagram: https://www.instagram.com/ib
























