NEET Re-Exam Begins in Haryana : हरियाणा के 19 शहरों में रविवार दोपहर 2 बजे से NEET री-एग्जाम शुरू हो गया है। राज्य के 175 परीक्षा केंद्रों पर 65 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। नकल रोकने के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी CCTV कैमरों के जरिए की जा रही है और लाइव मॉनिटरिंग केंद्रीय कंट्रोल रूम से हो रही है।

Written by Kajal Panchal , Published on : 21 June 2026
IBN24 News Network : सुबह 10 बजे के बाद से ही परीक्षार्थियों का परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गया था। निर्धारित समय के बाद केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए, हालांकि कई स्थानों पर देर से पहुंचे छात्रों के अनुरोध पर उन्हें प्रवेश दिया गया।
सख्त जांच के कारण कई अभ्यर्थियों को हुई परेशानी
रेवाड़ी के बाल स्कूल केंद्र पर धारूहेड़ा से पहुंची एक छात्रा को नोज पिन पहनने के कारण परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिला। छात्रा का कहना था कि काफी कोशिशों के बावजूद नोज पिन नहीं निकली और जबरदस्ती निकालने से नाक से खून बहने का खतरा था, जिसके बाद उसे वापस लौटना पड़ा।
वहीं, सिरसा में महिला अभ्यर्थियों से चप्पल उतरवाई गई। सोनीपत में हेयर बैंड हटवाकर छात्राओं को खुले बालों के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। गुरुग्राम में एक छात्रा के हाथ में बंधा कलावा भी सुरक्षा जांच के दौरान कटवा दिया गया।

गलत केंद्र पहुंची छात्रा को वापस लौटना पड़ा
सोनीपत के ताऊ देवीलाल महिला कॉलेज, मुरथल में परीक्षा देने पहुंचने वाली एक छात्रा गलती से मुरथल अड्डा स्थित पीएम श्री स्कूल पहुंच गई। केंद्र गलत होने के कारण उसे वापस भेज दिया गया।
बस स्टैंडों पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए हरियाणा रोडवेज के प्रमुख बस स्टैंडों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। यहां छात्रों को सिटी बस, ऑटो और विभिन्न परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के रूट की जानकारी दी जा रही है।
CRPF सुरक्षा में पहुंचाए गए प्रश्नपत्र
प्रश्नपत्र और अन्य गोपनीय सामग्री को CRPF की सुरक्षा में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया। जिला प्रशासन, पुलिस और एस्कॉर्ट टीमों की निगरानी में सीलबंद प्रोटोकॉल के तहत प्रश्नपत्रों का परिवहन किया गया। एग्जाम सामग्री ले जाने वाले वाहनों में GPS ट्रैकिंग की व्यवस्था की गई है और उन्हें पुलिस एस्कॉर्ट भी उपलब्ध कराया गया है।
कोचिंग सेंटर और फोटोस्टेट की दुकानें बंद
परीक्षा के दौरान नकल पर अंकुश लगाने के लिए सभी जिलों में कोचिंग सेंटर और फोटोस्टेट की दुकानें बंद कराई गई हैं। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास ड्रोन उड़ाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। सेंटर सुपरिंटेंडेंट और इनविजिलेटर सुबह से ही केंद्रों पर तैनात हैं और बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संचालित की जा रही है।
Please also read this article :























