Haryana Jobs Protest HPSC : हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की भर्ती प्रक्रिया को लेकर चल रहा विवाद अब और तेज होता दिखाई दे रहा है। बुधवार को पंचकूला स्थित HPSC कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में भर्ती अभ्यर्थियों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी युवाओं को आयोग कार्यालय की ओर बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी। जब प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने लगे तो पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उन्हें खदेड़ दिया। इस दौरान एक युवक को पुलिसकर्मी हाथ-पैर पकड़कर उठाकर ले गए, जबकि कई युवतियों को भी हिरासत में लिया गया।

Written by Kajal Panchal • Published on : 20 May 2026
IBN24 News Network : मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन ने पांच डीएसपी के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था संभाली ताकि प्रदर्शन उग्र रूप न ले सके। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व ओबीसी ब्रिगेड द्वारा किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों को समर्थन देने के लिए जननायक जनता पार्टी (JJP) के नेता Digvijay Chautala भी पंचकूला पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें धरना स्थल तक पहुंचने से पहले ही रोक लिया। इसके बाद समर्थकों और पुलिस के बीच बहस भी हुई।
प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थी गुरमेल डाबी ने आरोप लगाया कि सरकार बिहार से संबंध रखने वाले HPSC चेयरमैन आलोक वर्मा को हरियाणा के युवाओं पर “थोप” रही है। उनका कहना था कि भर्ती प्रक्रिया में यूपी और बिहार के उम्मीदवारों को ज्यादा अवसर दिए जा रहे हैं, जबकि हरियाणा के योग्य युवा पीछे छूट रहे हैं।
क्या है युवाओं की मुख्य मांग ?

बाहरी राज्यों के उम्मीदवारों को लेकर भी नाराजगी
युवाओं का आरोप है कि HPSC की राजपत्रित भर्तियों में हरियाणा के मूल निवासियों की बजाय दूसरे राज्यों, खासकर भाजपा शासित राज्यों के उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि कई भर्तियों में 90 प्रतिशत तक चयन बाहरी उम्मीदवारों का हुआ है।
उनका कहना है कि हरियाणा के NET, PhD और MTech क्वालिफाइड युवा बेरोजगारी झेल रहे हैं। कई युवा मजबूरी में छोटे पदों पर नौकरी कर रहे हैं, जबकि उच्च पदों पर दूसरे राज्यों के अभ्यर्थियों की नियुक्ति की जा रही है।
35% क्राइटेरिया पर क्यों मचा है विवाद ?
दरअसल HPSC की कई भर्तियों, खासकर कॉलेज कैडर असिस्टेंट प्रोफेसर जैसी भर्ती परीक्षाओं में मुख्य परीक्षा में न्यूनतम 35 प्रतिशत अंक लाना जरूरी किया गया है। प्रदर्शनकारी युवाओं का कहना है कि इस शर्त के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थी असफल घोषित हो जाते हैं, जबकि हजारों पद खाली पड़े रहते हैं।
युवाओं का आरोप है कि सरकार योग्य उम्मीदवारों को मौका देने की बजाय भर्ती प्रक्रिया को जरूरत से ज्यादा कठिन बना रही है।
कौन हैं HPSC चेयरमैन आलोक वर्मा ?
हरियाणा लोक सेवा आयोग के चेयरमैन आलोक वर्मा 1989 बैच के भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारी रह चुके हैं। वे मूल रूप से बिहार के भागलपुर के रहने वाले हैं, हालांकि लंबे समय तक हरियाणा कैडर में सेवाएं दे चुके हैं।
उन्होंने अक्टूबर 2020 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) लेकर HPSC चेयरमैन का पद संभाला था। उनका कार्यकाल अक्टूबर 2026 तक है। इससे पहले वे हरियाणा सरकार में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF), मुख्य वन्यजीव वार्डन और पर्यटन व वन विभाग में प्रधान सचिव जैसे अहम पदों पर रह चुके हैं। वे पूर्व मुख्यमंत्री Manohar Lal Khattar के एडीसी (टूर) की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
पहले भी हो चुके हैं बड़े प्रदर्शन
HPSC भर्ती विवाद को लेकर विपक्षी दल भी लगातार सरकार को घेरते रहे हैं। दो दिन पहले इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष Abhay Singh Chautala के नेतृत्व में भी HPSC कार्यालय का घेराव किया गया था। उस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई थी, जिसके बाद राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया था।
इससे पहले फरवरी में कांग्रेस सांसद Deepender Hooda के नेतृत्व में भी बड़ा प्रदर्शन हुआ था। उस समय दीपेंद्र हुड्डा बैरिकेड पार कर गए थे, जिसके बाद पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया था और मौके पर भारी हंगामा हुआ था।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शनकारी युवाओं ने चेतावनी दी है कि यदि 35 प्रतिशत क्राइटेरिया खत्म नहीं किया गया और भर्ती प्रक्रिया में बदलाव नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आंदोलन और बड़ा किया जाएगा। फिलहाल पंचकूला में HPSC कार्यालय के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।
Please also read this article : Gold Price Today: गिरावट के बाद संभला बाजार, जानिए देशभर में कहां पर कितना है सोने का भाव
Bengal Shocker 2026: 15 साल की सत्ता हिलती दिखी, BJP बहुमत के करीब-क्या ममता का किला आज ढह जाएगा ?
Instagram: https://www.instagram.com/ibn24newsnetwork
पल पल की खबर के लिए IBN24 NEWS NETWORK का YOUTUBE चैनल आज ही सब्सक्राइब करें। चैनल लिंक:https://youtube.com/@IBN24NewsNetwork?si=ofbILODmUt20-zC3
शहर और स्थानीय मार्गदर्शिका
Facebook: https://www.facebook.com/ibn24newsnetwork/
Twitter: https://x.com/IBN24Network?t=K1A8JK8CUwcgllMRYQNPOw&s=08






















