Haryana Private Bus Pass : हरियाणा में अब छात्र-छात्राओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, पुलिस कर्मचारियों सहित अन्य पात्र यात्रियों को निजी और सहकारी बसों में भी मुफ्त या रियायती यात्रा की सुविधा मिलेगी। इसके लिए पात्र यात्रियों को संबंधित निजी बस संचालक या परिवहन समिति से अलग पास बनवाना होगा। हालांकि, इस पास से यात्री केवल उसी बस ऑपरेटर की बसों में सफर कर सकेंगे, जिसने उनका पास जारी किया है।

Written by Kajal Panchal • Published on : 15 November 2026
IBN24 NEWS NETWORK : स्टेज कैरिज परिवहन समितियां एवं निजी बस ऑपरेटर वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. धन सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र यात्रियों को मुफ्त और रियायती यात्रा की सुविधा दी जाती है। इसके लिए परिवहन आयुक्त ने 22 मार्च 2018 को आदेश जारी कर सहकारी और निजी बसों में भी हरियाणा रोडवेज के समान यह सुविधा देने के निर्देश दिए थे।
इन यात्रियों को मिलेगा रियायती सफर का लाभ
डॉ. धन सिंह के अनुसार, सरकारी योजनाओं की पात्रता और निर्धारित शर्तों को पूरा करने वाले यात्री संबंधित बस संचालक या परिवहन समिति से यात्रा पास बनवा सकते हैं। इनमें मुख्य रूप से छात्र-छात्राएं, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांगजन, पुलिस कर्मचारी और अन्य पात्र लाभार्थी शामिल हैं।
योजना के तहत पात्रता के अनुसार कुछ यात्रियों को निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी, जबकि कुछ श्रेणियों के यात्रियों को किराए में छूट दी जाएगी। इससे निजी और सहकारी बसों में सफर करने वाले पात्र लोगों को भी राहत मिलेगी।
रोडवेज और निजी बसों का पास नहीं होगा एक-दूसरे में मान्य
यात्रियों के लिए सबसे जरूरी बात यह है कि निजी और सरकारी बसों के यात्रा पास अलग-अलग होंगे। यदि किसी यात्री ने किसी निजी बस संचालक या सहकारी परिवहन समिति से पास बनवाया है, तो वह केवल उसी समिति या ऑपरेटर की बसों में मान्य होगा।

वहीं, हरियाणा रोडवेज की ओर से जारी पास का इस्तेमाल केवल रोडवेज बसों में ही किया जा सकेगा। निजी बसों में रोडवेज का पास और रोडवेज बसों में निजी परिवहन समिति का पास मान्य नहीं होगा।
बस संचालकों को मिलेगी खर्च की प्रतिपूर्ति
हरियाणा में रोडवेज और सहकारी परिवहन समितियों की बसें स्टेज कैरिज परमिट के तहत यात्रियों को परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराती हैं। सरकारी वित्तीय नियमों के अनुसार, पात्र यात्रियों को मुफ्त या रियायती यात्रा की सुविधा देने पर होने वाले खर्च की प्रतिपूर्ति संबंधित विभाग से निर्धारित प्रक्रिया के तहत लेने का प्रावधान है।
Please also read this article :
Instagram: https://www.instagram.com/ib




















