Haryana Air Pollution : दिवाली से पहले हरियाणा में वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ने लगा है। प्रदेश के कई शहरों में हवा की गुणवत्ता खराब हो गई है। हालात ऐसे हैं कि 5 शहरों का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 के पार पहुंच गया है। झज्जर जिले का बहादुरगढ़ 324 AQI के साथ प्रदेश का सबसे प्रदूषित शहर दर्ज किया गया। वहीं पंचगांव, बल्लभगढ़, मानेसर और गुरुग्राम में भी हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है।

Written by Kajal Panchal • Published on : 4 November 2026
IBN24 NEWS NETWORK : केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, पंचगांव में 320, बल्लभगढ़ में 319, मानेसर में 309 और गुरुग्राम में 305 AQI दर्ज किया गया। इसके अलावा अंबाला, करनाल, रोहतक समेत प्रदेश के 7 शहरों में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही। ऐसे में दिवाली से पहले बढ़ता प्रदूषण लोगों की चिंता बढ़ा रहा है।
बहादुरगढ़ में सबसे ज्यादा प्रदूषण, इन शहरों की हवा भी बेहद खराब
AQI के आंकड़ों पर नजर डालें तो बहादुरगढ़ में सबसे ज्यादा 324 AQI दर्ज किया गया। इसके बाद पंचगांव 320, बल्लभगढ़ 319, मानेसर 309 और गुरुग्राम 305 के साथ बेहद खराब श्रेणी में शामिल रहे। वहीं खराब वायु गुणवत्ता वाले शहरों में अंबाला का AQI 286, करनाल का 277, रोहतक का 253, धारूहेड़ा का 241, भिवानी का 226, सिरसा का 209 और चरखी दादरी का 208 दर्ज किया गया।

इसके विपरीत यमुनानगर में 194, कुरुक्षेत्र में 190, नारनौल में 169, सोनीपत में 160, फतेहाबाद में 111 और फरीदाबाद में 106 AQI रहा। वहीं मंडीखेड़ा में 97, पंचकूला में 78 और पलवल में 61 AQI दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है।
AQI 300 पार होने का क्या है मतलब ?
वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI के अनुसार 201 से 300 तक का स्तर खराब और 301 से 400 तक का स्तर बेहद खराब माना जाता है। ऐसे में 300 से ऊपर AQI वाले शहरों में रहने वाले लोगों को सांस संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, खराब हवा का असर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों पर अधिक पड़ सकता है। इसके अलावा स्वस्थ लोगों को भी आंखों में जलन, खांसी और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। इसलिए प्रदूषण का स्तर बढ़ने पर बाहर निकलते समय सावधानी बरतना जरूरी है।
हरियाणा के शहरों का AQI लिस्ट
| शहर | AQI | श्रेणी |
|---|---|---|
| बहादुरगढ़ | 324 | बेहद खराब |
| पंचगांव | 320 | बेहद खराब |
| बल्लभगढ़ | 319 | बेहद खराब |
| मानेसर | 309 | बेहद खराब |
| गुरुग्राम | 305 | बेहद खराब |
| अंबाला | 286 | खराब |
| करनाल | 277 | खराब |
| रोहतक | 253 | खराब |
| धारूहेड़ा | 241 | खराब |
| भिवानी | 226 | खराब |
| सिरसा | 209 | खराब |
| चरखी दादरी | 208 | खराब |
| यमुनानगर | 194 | मध्यम |
| कुरुक्षेत्र | 190 | मध्यम |
| नारनौल | 169 | मध्यम |
| सोनीपत | 160 | मध्यम |
| फतेहाबाद | 111 | मध्यम |
| फरीदाबाद | 106 | मध्यम |
| मंडीखेड़ा | 97 | संतोषजनक |
| पंचकूला | 78 | संतोषजनक |
| पलवल | 61 | संतोषजनक |
रात में गिर रहा तापमान, दिन में अभी भी गर्मी
एक तरफ प्रदेश में प्रदूषण बढ़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ नवंबर की शुरुआत के साथ रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। हालांकि दिन के समय अभी भी गर्मी का असर बना हुआ है। 3 नवंबर के मौसम आंकड़ों के अनुसार, गुरुग्राम में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं नारनौल में न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री और पंचकूला में 14.7 डिग्री रहा।

दूसरी ओर हिसार में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सिरसा में 31.2 डिग्री, भिवानी में 31.3 डिग्री और चरखी दादरी में 30.9 डिग्री तापमान रहा। इस तरह प्रदेश के कई हिस्सों में रात और दिन के तापमान में काफी अंतर देखने को मिल रहा है। रात में ठंडक बढ़ रही है, लेकिन दोपहर में 30 डिग्री से अधिक तापमान के कारण लोगों को अभी भी गर्मी महसूस हो रही है।
नवंबर में सामान्य से कम बारिश होने के आसार
मौसम केंद्र चंडीगढ़ के पूर्वानुमान के अनुसार, नवंबर महीने में हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही दिन का अधिकतम और रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, नवंबर के शुरुआती सप्ताह में प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। 3 से 9 नवंबर के बीच बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। इस दौरान आसमान साफ रहने और मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं होने का अनुमान है।
Please also read this article :
Instagram: https://www.instagram.com/ib





















