Hisar Wife Second Marriage : हरियाणा के हिसार जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को हैरान कर दिया। एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी ने 20 साल की शादी और दो बच्चों के बावजूद अपने कथित प्रेमी के साथ राजस्थान के एक मंदिर में दूसरी शादी कर ली।

Written by Kajal Panchal • Published on : 9 July 2026
IBN24 News Network : पति का दावा है कि उसे इस शादी की जानकारी अपनी पत्नी के मायके वालों के WhatsApp स्टेटस से मिली। मामले में अदालत ने पत्नी, उसके कथित प्रेमी और मायके पक्ष के कई लोगों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
20 साल पहले हुई थी शादी
हिसार के जगान गांव निवासी मनीष कुमार (45) ने अदालत में दायर प्राइवेट शिकायत में बताया कि उसकी शादी 2 नवंबर 2006 को हिंदू रीति-रिवाज से रेखा (35) के साथ हुई थी। शादी के बाद उनके दो बेटे हुए और परिवार कई वर्षों तक सामान्य रूप से चलता रहा।
मनीष के अनुसार, वर्ष 2023 में वह काम के सिलसिले में भिवानी जिले के सिवानी में रहने लगा। इसी दौरान सतीश नामक व्यक्ति का उसके घर आना-जाना शुरू हो गया।
नवंबर 2025 में घर छोड़कर चली गई महिला
शिकायत के मुताबिक, नवंबर 2025 में रेखा अपने पिता आशाराम और भाई संजीव के साथ बिना बताए घर छोड़कर चली गई। मनीष ने इसकी शिकायत सिवानी थाने में भी दर्ज कराई थी।
इसके बाद 1 दिसंबर 2025 को सोशल Media और WhatsApp स्टेटस के जरिए उसे पता चला कि राजस्थान के चूरू जिले के धानोठी गांव में रेखा कथित तौर पर सतीश के साथ शादी कर रही है।
मंदिर पहुंचा पति, फेरे लेते देखने का दावा
मनीष का आरोप है कि सूचना मिलते ही वह अपनी बुजुर्ग मां और दोनों बच्चों को लेकर राजस्थान के राजगढ़ क्षेत्र स्थित धानोठी गांव के मंदिर पहुंच गया। वहां उसने अपनी पत्नी और सतीश को वरमाला पहने और वैदिक मंत्रों के बीच फेरे लेते देखा।

उसका दावा है कि शादी के बाद दोनों सतीश के घर गए, जहां महिलाओं द्वारा शादी के गीत गाए जा रहे थे और फोटोशूट भी कराया गया।
विरोध करने पर धमकी देने का आरोप
पति का आरोप है कि जब उसने दूसरी शादी का विरोध किया तो सतीश और महिला के मायके वालों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और वहां से भगा दिया। उनका कहना था कि शादी हो चुकी है और वह उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
जमीन और मकान हड़पने का भी आरोप
मनीष ने अदालत में यह भी आरोप लगाया कि उसके ससुराल पक्ष ने उसकी 6 कनाल जमीन और पक्का मकान बिकवा दिया तथा उससे मिले पैसे भी हड़प लिए। उसका कहना है कि इस घटना के बाद वह मानसिक रूप से टूट गया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती भी रहा।
कोर्ट ने जारी किया नोटिस
पीड़ित ने अपने वकील संदीप श्योराण के माध्यम से भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अदालत में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की सुनवाई करते हुए JMIC अजीतपाल सिंह की अदालत ने पत्नी रेखा, कथित प्रेमी सतीश, पिता आशाराम, मां, भाई, भाभी और बहन पूनम को नोटिस जारी कर 25 नवंबर 2026 तक जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं।




















